Sunday, September 19, 2010
सोयाबीन काटकर,टापरी में आग लगाई
सीहोर निकटवर्ती ग्राम शाहपुर कोड़िया में इस साल भी अज्ञात लोगों ने करीब आधा दर्जन किसानों के खड़े सोयाबीन को काटकर एक किसान के भूसे में आग लगाकर दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। इससे पहले कई किसानों के घर के दरवाजों पर सांकुल भी बाहर से लगा दिए गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार निकटवर्ती ग्राम शाहपुर कोड़िया में बीती रात पिछले साल की भांति दहशत का माहौल निर्मित करने का प्रयास किया। अज्ञात बदमाशों ने गांव के पूरन सिंह आत्मज कुंवरजी परमार, अनोखीलाल आत्मज प्रेमनारायण परमार, दिनेश आत्मज भगवत सिंह परमार, राजेश आत्मज भगवत सिंह परमार आदि किसानों की सोयाबीन की फसल को काटकर नष्ट कर दिया। इसी क्रम में गांव के रामसिंह आत्मज रामचरण परमार के भूसे में भी इन्हीं लोगों ने आग लगा दी। बताया जाता है कि लगभग चार ट्राली से अधिक भूसा जलकर स्वाहा हो गया। आरोपियों ने आसपास के कई ग्रामीणों के दरवाजों पर बाहर से सांकुल लगा दी। ग्रामीणों ने एक दूसरे से मोबाइल पर बात कर दरवाजा खुलवाए लेकिन तब तक यह लोग अपने काम को अंजाम देकर जा चुके थे। पिछले साल भी इसी प्रकार का नुकसान ग्रामीणों को पहुंचाया गया था। इस साल भी मंडी थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है, लेकिन आरोपियों का सुराग अभी तक नहीं लग सका है।
0 comments:
Post a Comment