शासकीय कार्यों में उत्कृष्टता के लिए सुशील चन्द्र वर्मा पुरस्कार योजना
|
राज्य शासन ने शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सुशील चन्द्र वर्मा उत्कृष्ट पुरस्कार योजना प्रारंभ की है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसके लिए मार्गदर्शी सिद्धांत निर्धारित किये हैं।
यह पुरस्कार राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं एवं अभियानों में अभूतपूर्व या उल्लेखनीय योगदान, जन-कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट योगदान एवं सुशासन की दिशा में किये गये नवाचार, जिसका प्रत्यक्ष लाभ जन-सामान्य को उपलब्ध हुआ हो, के क्षेत्र में दिया जाएगा। यह पुरस्कार प्रदान किये जाने वाले वर्ष के ठीक पूर्ववर्ती वित्तीय वर्ष में किये गये शासकीय कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर दिया जाएगा। प्रत्येक विभाग के राज्य-स्तरीय प्रथम पुरस्कार के विजेता को ‘‘सुशील चन्द्र वर्मा राज्य-स्तरीय उत्कृष्टता पुरस्कार’’ विजेता के रूप में प्रत्येक वर्ष नवम्बर या दिसम्बर माह में पुरस्कृत किया जाएगा। संभाग एवं जिला स्तर के पुरस्कारों का निर्धारण शासकीय विभागों द्वारा तय किया जाएगा।
राज्य-स्तरीय प्रथम पुरस्कार के विजेता को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 50 हजार रुपये एवं शेष अन्य पुरस्कार इस से कम राशि के होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने पुरस्कार के संबंध में तय किये गये मार्गदर्शी सिद्धांतों की जानकारी विभागाध्यक्षों, कमिश्नर एवं कलेक्टरों को भेजे हैं।
|
0 comments:
Post a Comment