इछावर. रविवार की शाम एक 22 वर्षीय युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटनाक्रम से क्षेत्र में सनसनी का वातावरण निर्मित हो गया। युवती के आत्महत्या के कारणों को जानने के लिए लोगों में जिज्ञासा का माहौल बना रहा। वहीं लोगों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय बड़ा बाजार निवासी 22 वर्षीय भारती गुप्ता पुत्री स्वर्गीय रामचंद्र गुप्ता ने रविवार की शाम को अपने घर में फांसी लगा ली। बताया जाता है कि साड़ी को फंदा बनाकर झूले के लिए लगे कुंदे पर भारती ने फांसी लगा ली। जब तक परिजनों को पता चलता, तब तक काफी देर हो चुकी थी, जैसे ही परिजनों को पता चला वैसे ही मोहल्ले में भी सनसनी का वातावरण निर्मित हो गया। बड़ी संख्या में लोग यहां पर एकत्रित हो गए। भारती के शव को फंदे से नीचे उतारा गया। घटना की जानकारी मिलने पर इछावर थाना प्रभारी हेमपाल सिंह सिंघई सहित पुलिस बल भी घटना स्थल पर पहुंचा। बताया जाता है कि भारती गुप्ता कालेज में अध्ययनरत है। उसने आत्महत्या किन कारणों से की यह रहस्य इन पंक्तियों के लिखे जाने तक उजागर नहीं हो सका है। परिजन इस असमायिक घटना से व्यथित नजर आ रहे हैं। मोहल्ले के लोगों ने भी भारती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्हें भी भारती द्वारा उठाए गए इस कदम पर आश्चर्य हो रहा है। क्षेत्र की होनहार युवती के इस कदम पर सभी हतप्रभ हैं। थाना प्रभारी हेमपाल सिंह सिंघई ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच कार्य शुरू कर दिया गया है।
हम्माल का शव कुएं में मिलने से सनसनी
रविवार की दोपहर में होलीटेकरा क्षेत्र में एक 32 वर्षीय हम्माल का शव मिलने से सनसनी का वातावरण निर्मित हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार होलीटेकरा क्षेत्र में पन्नी बीनने वालों ने कुएं में शव देखा तो लोगों को सूचना दी, जिस पर पुलिस भी वहां पहुंची। बताया जाता है कि कुछ ही देर बाद शव की पहचान क्षेत्र में हम्माली का कार्य करने वाले 32 वर्षीय युवक राजू के रूप में की गई। मृतक ग्राम झागरिया में अपनी बहन के पास रहता था और यहां इछावर में हाट बाजार और अन्य दिनों में काम करने के लिए आता था। बताया जाता है कि पिछले 15 दिनों से वह यहां नहीं आया था। थाना प्रभारी हेमपाल सिंह सिंघई ने बताया कि राजू हम्माल लगभग पंद्रह दिन पहले नगर के कुछ लोगों को शराब के नशे में धुत अवस्था में मिला था। उसने एक फल विक्रेता के यहां से सेवफल भी उठाया था। उसके बाद से यह नगर में नहीं दिखाई दिया। चूंकि उसके शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं है। इसलिए माना जा रहा है कि वह नशे में ही कुएं में गिर गया होगा।
0 comments:
Post a Comment