यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Tuesday, December 7, 2010

71 हजार मतदाता डालेगें वोट

सीहोर.नगर पालिका चुनाव को लेकर सरगर्मी का वातावरण बरकरार बना हुआ है। राजनीतिज्ञ जहां अपनी टिकट पक्की कराने की दिशा में प्रत्यनशील नजर आ रहे है वहीं निर्वाचन शाखा द्वारा आज मतदातासूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। एक तरफ शहर में सर्दी का जोर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है वहीं नपा चुनाव को लेकर दिनों दिन माहौल गरमाता जा रहा है। आज निर्वाचन शाखा द्वारा नगरपालिका परिषद के चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। प्राप्त जानकारी अनुसार मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद यहां पर अध्यक्ष और 35 वार्डों के लिए कुल 70 हजार 935 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इन 70 हजार 935 मतदाताओं में 37 हजार 40 पुरुष और 33 हजार 895 महिला मतदाता शामिल है। अंतिम प्रकाशन के पहले मतदाता सूची में दावे आपत्ति के कार्य के दौरान 3 हजार 673 मतदाताओं के नाम बढ़ाए गए जबकि 759 मतदाताओं के नाम घटाए गए। 70 हजार 935 मतदाताओं की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इस सूची को एसडीएम कार्यालय में चस्पा कर दिया गया। इस सूची को हर आम और खास द्वारा देखा जा सकता है। ऐसा माना जा रहा था कि अंतिम सूची के प्रकाशन के दिन राजनीतिज्ञों द्वारा खासी दिलचस्पी ली जाएगी पर ऐसा कुछ खास नहीं हुआ यहां पर मतदाता सूची को देखने के लिए नेता कम ही आए उनका ध्यान अभी टिकट की दावेदारी की ओर अधिक दिया जा रहा है। अंतिम प्रकाशन के दिन भाजपा के कई नेता मुख्यमंत्री के ग्राम जैत आगमन के कारण वहां पर गए हुए थे। सीएम के साथ-साथ अन्य राजनीतिज्ञ नेता भी वहां पर थे तो उन्हें अपना कार्य आसान होता नजर आया। इसी कारण भाजपा के कई नेता आज जैत में नजर आए। उधर कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता भी चुनावी रणनीति बनाते हुए नजर आ रहे उनके द्वारा भी अपने-अपने गाडफादर के पास पहुंचकर हाजरी लगाए जाने का कार्य जोरदार तरीके से किया जा रहा है। बहरहाल सोमवार को मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद ऐसा माना जा रहा है कि मंगलवार से नेताओं द्वारा इसका अवलोकन कर उनके द्वारा अपने अपने वार्ड के लिए मतदातासूची लेने का कार्य भी प्रारंभ कर दिया जाएगा। देखना यह है कि आने वाले दिनों में राजनीतिक माहौल में क्या कुछ घटित होता है और कौन किसे किस प्रकार से पटकनी देता है। 
आचार संहिता का होता रहा इंतजार 
आज नगरपालिका की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने के साथ आज दिन भर लोगों को आचार संहिता का भी इंतजार होता रहा, राजनीतिज्ञों को ही नहीं बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा इस बात का इंतजार किया जाता रहा कि आचार संहिता का आदेश आया कि नहीं, लोगों और राजनीतिज्ञों द्वारा अखबार के दफ्तरों में फोन के माध्यम से जानकारी लेने का प्रयास किया जाता रहा। अधिकारियो का भी काफिला आज मुख्यमंत्री के आगमन के कारण जैत गया हुआ था उनके द्वारा भी वहीं से आदेश की जानकारी प्राप्त की जाती रही। संयुक्त कलेक्टर गिरीश शर्मा ने बताया कि अभी तक हमारे पास किसी प्रकार का कोई आर्डर नहीं आया है। 
तारीखों को लेकर अटकलों का दौर 
आचार संहिता लगने की जानकारी लेने के साथ-साथ लोगों द्वारा चुनाव की की तारीखों की भी अटकले लगाई जाती रही। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार चुनाव 29 दिसम्बर को होने की प्रबल संभावना है, देखना यह है कि चुनाव की तारीख क्या घोषित की जाती है फिलहाल तो बाजार में अटकलों का ही दौर चल रहा है। इसके अलावा आज राजनीतिक हलकों में इस बात की भी चर्चा जोरों से चल पड़ी कि चुनाव की तिथि आगे बढ़ सकती है। भाजपा का एक धड़ा तेजी से इस बात को प्रचारित करते हुए नजर आया कि चुनाव आगे बढ़ सकते है। बहरहाल देखना यह है कि आने वाले दिनों में क्या कुछ स्थिति निर्मित होती है।

0 comments: