यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Thursday, December 20, 2012

खेल ही सिखाते हैं जय-पराजय को समान भाव से स्वीकारना
स्पोर्टस ओलम्पियाड के समापन समारोह में राज्यपाल श्री यादव

राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने कहा है कि खेल हमें जीवन में आने वाली जय और पराजय को समान रूप से स्वीकार करने की सीख देते हैं। खेलों से मनुष्य में अनेक उदात्त भावनाओं का जन्म होता है जो उसे जीवन-संग्राम में सफलता प्राप्त करने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक शक्ति के साथ संकल्प की दृढ़ता, संगठन की क्षमता और अनुशासनप्रियता का विकास होता है। राज्यपाल आज यहाँ टीटी नगर स्टेडियम में प्रथम दैनिक भास्कर स्पोर्टस ओलम्पियाड के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
ओलम्पियाड में 69 स्कूल के 1690 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में 7 खेल में कुल 357 पदक दिए गये। सेंट जोसेफ गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भोपाल को सर्वाधिक 16 पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर ओवरआल चैम्पियनशिप ट्राफी दी गई। स्कूल ने 9 स्वर्ण, 3 रजत, और 4 कांस्य पदक हासिल किये। संस्कार वेली स्कूल 13 पदक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहा। जीते पदकों में 4 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। कैम्पियन स्कूल, भोपाल 4 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य, कुल 10 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रहा। खेलों का आयोजन दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह ने एशिया पैेसिफिक स्कूल और आकाश इंस्टि्ट़यूट के साथ मिलकर किया था।
महापौर श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि शारीरिक और मानसिक रूप से पूर्ण स्वस्थ होने पर ही व्यक्ति संपूर्ण विकसित व्यक्तित्व का मालिक होता है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वस्थ रखने की दिशा में यह सराहनीय पहल है। उन्होंने आशा व्यक्त की ऐसे आयोजनों की निरंतरता से अधिकतम खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलेगा।
दैनिक भास्कर समूह के अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि अखबार पर समाज के सर्वांगीण विकास की संपूर्ण जिम्मेदारी होती है। श्री अग्रवाल ने इस प्रतियोगिता को भोपाल में हर वर्ष करने की घोषणा करते हुए कहा कि आयोजन की समीक्षा के बाद इसे अन्य राज्यों में शुरू करने की पहल की जायेगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ऐसी खेल प्रतिभाएँ सामने आ सकेंगी जो राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से देश के लिए गौरव हासिल कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि दैनिक भास्कर समूह ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का सदा निर्वहन किया है और सामाजिक अभियानों से जन-जन को जोड़कर समाज को नई दिशा दी है।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री राम नरेश यादव ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की विजयी टीमों और खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। समारोह के अंत में स्लो मार्च के जरिए प्रतियोगिता का फ्लेग राज्यपाल को सौंपा गया जिसे उन्होंने दैनिक भास्कर समूह के अध्यक्ष श्री अग्रवाल को अगली प्रतियोगिता तक के लिए सौंपा। समारोह में एशिया पैसिफिक ग्रुप के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र श्रीवास्तव और आकाश इंस्टीटूयट अध्यक्ष श्री अनिल अग्रवाल भी उपस्थित थे।


0 comments: