यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Saturday, October 9, 2010

स्थापना के साथ ही साधना में लीन

 शुक्रवार को आदि शक्ति जगदम्बा की अराधना प्रारंभ होते ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। देर रात तक प्रतिमाओं की स्थापना का सिलासिला चलता रहा। सुबह से ही जिले का माहौल धार्मिक भावना से ओतप्रोत नजर आ रहा था। देवी भक्त सूर्योदय के साथ ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे। शहर के सभी मंदिरों में एक दिन पहले से ही व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। सुबह विशेष श्रृंगार किया जाकर आदि शक्ति जगदम्बा की पूर्ण विधि विधान के साथ पूजा अर्चन की जाकर घट स्थापना की गई। लोगों ने घरों पर भी देवी मां की प्रतिमा स्थापित की। शहर के विभिन्न चौराहों और तिराहों पर मां शेरावाली और मां कालका की आकर्षक एवं नयनाभिरामी विशाल प्रतिमाओं की स्थापना पूर्ण विधि विधान के साथ की गई। प्रतिमाएं विशाल होने के कारण उनको सावधानीपूर्वक लाया जाता रहा। इसके लिए युवाओं ने विशेष साधनों का भी इंतजाम किया था। प्रतिमाओं को स्थापना स्थल पर गाजे-बाजे के साथ लाया गया। सभी प्रतिमा स्थापना स्थलों के आसपास आकर्षक विद्युत साज-सज्जा भी की गई। कोतवाली चौराहे से सिनेमा चौराहे तक पूरा शहर झिलमिल रोशनी से रंगा हुआ नजर आ रहा था। कोतवाली चौराहे से सिनेमा चौराहे तक अलग-अलग संगठनों द्वारा विद्युत सजावट कराई गई है। रात के समय यह सजावट मनोहारी दृश्य उत्पन्न कर रहा है। प्रतिमा स्थापना स्थलों पर बालिकाओं द्वारा गरबा कर देवी मां की अराधना की गई। शहर के विभिन्न स्कूलों में भी नवरात्रि के पहले दिन गरबा आयोजन किया गया।
उपवास का सिलसिला भी प्रारंभ
नवरात्रि महोत्सव के प्रांरभ होते ही जिलेभर के देवी भक्तों द्वारा उपवास प्रारंभ कर दिए गए। हजारों देवी भक्तों द्वारा शुक्रवार से उपवास शुरू किए गए। विभिन्न प्रकार की साधानाएं भी देवी भक्तों द्वारा की जा रही है। मंत्र-तंत्र साधना के अलावा देवी भक्तों द्वारा माता रानी को प्रसन्न करने के लिए विभिन्न प्रकार के उपाय भी किए जा रहे हैं। शहर में सैकड़ों महिलाएं, पुरूष, युवक-युवतियां और बालक-बालिकाएं पहले दिन से ही नंगे पैर भ्रमण करते नजर आए। शुक्रवार को विभिन्न स्कूलों और कोचिंग इंस्टीट्यूट में पहुंचने वाले छात्र-छात्राएं नंगे पैर ही पहुंचे। यह सभी अगले नौ दिनों तक इसी प्रकार भ्रमण करेंगे। इसके अलावा सूर्याेदय से ही महिलाएं और युवतियां इंग्लिशपुरा स्थित शीतला माता मंदिर पर जल चढ़ाने पहुंची। यह क्रम रोजाना सुबह पांच से नौ बजे तक अनवरत रूप से जारी रहता है। शुक्रवार से शहर की किराना दुकानों पर नरियल अगरबत्ती और फलिहारी सामान की बिक्री में तेजी देखी गई। इसके साथ ही फूल-माला विक्रेताओं के यहां पर भी सुबह से ही ग्राहकी का माहौल बना हुआ था। यह सिलसिला अब लगातार चलेगा। इसी प्रकार माता रानी को चुनरी अर्पित करने के लिए भी भीड़ रही। दुकानो ंपर चुनरी खरीदने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। शहर के विभिन्न देवी मंदिरों के आसपास लगी दुकानों पर चुनरी बिक रही थीं। कोतवाली टीआई चेतराम मीणा ने बताया कि नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं। चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने धर्मप्रेमी जनता से आग्रह किया है कि व्यवस्थाओं को अंजाम देने में सहयोग प्रदान करें। जिससे यातायात व्यवस्था भी सुगम बनी रह सके।

0 comments: