यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Sunday, October 31, 2010

लिफाफे की जगह सोना

  सीहोर इन दिनों डाकघर में लिफाफे कम सोना अधिक बिक रहा है। यहां पर सोने के सिक्कों की बिक्री को अप्रत्याशित सफलता मिली है। लोग बड़ी संख्या में डाकघर पहुंचकर सिक्के की खरीदी कर रहे हैं।
डाकघर में सोने के सिक्कों की बिक्री की शुरूआत के समय किसी को इस बात की कल्पना नहीं थी कि सोना जमकर बिकेगा। इन दिनों आलम यह है कि डाकघर में लिफाफे कम सोना अधिक बिक रहा है।
जिला मुख्यालय पर मुख्य डाकघर में अप्रैल 2010 से सोने के सिक्कों की बिक्री प्रारंभ हुई है। तब न तो विभागीय कर्मचारियों, अधिकारियों और न ही लोगों को इस बात का यकीन था कि सोने के सिक्के जमकर बिकेंगे। यहां पर आधा ग्राम से लेकर 20 ग्राम तक के सोने के सिक्के लोगों के लिए उपलब्ध हैं।
जानकारी के अनुसार आधा ग्राम का सिक्का 1287 रुपए, एक ग्राम 2317, पांच ग्राम 10921, आठ ग्राम 17475, 20 ग्राम 433333 रुपए में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दीपावली के उपलक्ष्य में दस ग्राम सोने की खरीदी पर आधा ग्राम सोना मुफ्त दिया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार पुष्य नक्षत्र के कारण यहां पर ग्राहकों की संख्या उम्मीद से अधिक रही। पुष्य नक्षत्र के दिन शनिवार को डाकघर में सुबह से लेकर शाम तक चहल-पहल का माहौल बना रहा। कई ग्राहक पूछताछ करने के लिए भी आ रहे हैं। शनिवार को डाकघर में 35 सोने के सिक्के बिके। पिछले एक सप्ताह में साठ से भी अधिक सिक्के बिक चुके हैं। शनिवार को सिक्कों की बिक्री से विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। इस ग्राहकी के माहौल को देखकर उन्हें लग रहा है कि दीपावली के नजदीकी दिनों में सोने के सिक्के की बिक्री में और भी इजाफा होगा। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों का कहना है कि शुद्ध क्वालिटी का भरोसा होने के कारण ग्राहकों का खिंचाव बाजार की तुलना में डाकघर के प्रति अधिक हो रहा है। रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर
 सोने के सिक्के की बिक्री में मिली अप्रत्याशित सफलता को देखते हुए डाक विभाग ने उत्साहित होकर इस रविवार का अवकाश निरस्त कर दिया है। बस स्टैंड स्थित मुख्य डाकघर अन्य दिनों की भांति रविवार को सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक ग्राहकों को अपनी सेवाएं देगा। इस आशय की जानकारी देते हुए डाकपाल ने लोगों से सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। अब तक 1 किलोजिला मुख्यालय के डाकघर में सोने के सिक्कों की बिक्री शुरू हुए सात माह ही बीते हैं, लेकिन इन सात माह में उम्मीद से अधिक सोना यहां पर बिका है। जानकारी के अनुसार इन सात महीनों में लगभग एक किलो से अधिक सोना बिक चुका है। सोने के भाव में लगातार बढ़ोत्तरी होने के बाद भी उसकी मांग में बराबर बनी हुई है। दीपावली पर्व पर डाकघर में सोने की बिक्री और भी बढ़ने की संभावना  व्यक्त की जा रही है। डाकघर में सोने की अप्रत्याशित बिक्री को लेकर व्यापारियों का मानना है कि सरकार की शाखा होने का लाभ मिल रहा है और बड़े शहरों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। इंदौर भोपाल जाने वाले लोग यहीं सिक्का खरीद रहे हैं। 

0 comments: