यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Monday, October 18, 2010

भगवान राम ने किया बुराई का अंत


सीहोर,जिला मुख्यालय पर रविवार को विजयादशमी पर्व उत्साह और उमंग भरे माहौल में मनाया गया। भगवान श्रीराम ने बुराई के प्रतीक रावण के पुतलों का दहन किया। राम बारात का विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। जिला मुख्यालय पर रविवार को बाल विहार मैदान, आवासीय खेलकूद मैदान, गंज, गल्ला मंडी, तिलक पार्क तथा शुगर फैक्ट्री चौराहा पर रावण का दहन किया गया। सभी स्थानों पर भव्य राम बारात निकाली गई। जिसमें हनुमान जी की सेना ने सभी को आकर्षित किया। छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में बाल विहार मैदान पर रावण के पुतले का दहन किया गया। यहां रंग बिरंगी आतिशबाजी प्रदर्शन से लोग मंत्रमुग्ध हो गए। भगवान श्रीराम ने 61 फिट ऊंचे रावण का दहन किया। छावनी दशहरा उत्सव समिति का कार्यक्रम पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। श्री अरोरा ने छावनी दशहरा उत्सव के प्रयास को सराहा। राम बारात स्थानीय नमक चौराहे स्थित हनुमान मंदिर से प्रारंभ हुई। राम बारात आष्टा रोड, जगदीश मंदिर चौराहा, सब्जीमंडी, खजांची लाइन, चरखा लाइन, बड़ा बाजार से होते हुए बाल विहार मैदान पर पहुंची। स्वागत भाषण समिति के अध्यक्ष पवन राठौर ने दिया।

राम की सेना ने किया चलित पुतले का दहन
आवासीय खेलकूद मैदान पर पहली बार रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। 71 फिट के चलित रावण का दहन भगवान श्रीराम द्वारा किया गया। यहां पर हाउसिंग बोर्ड कालोनी से राम बारात आई। कालोनी में घर-घर में राम बारात पहुंचने की परम्परा का निर्वहन इस साल भी किया गया। विधायक रमेश सक्सेना के आतिथ्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। रावण दहन के पूर्व हनुमान जी की सेना ने लोगों को आकर्षित किया। इस अवसर पर कलकत्ता के कलाकारों की भव्य आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। लवकुश अखाड़े के कलाकारों ने मलखंभ पर हैरत अंगेज प्रस्तुति दी। अध्यक्ष नरेन्द्र त्यागी, सचिव आशीष त्रिवेदी, कोषाध्यक्ष राकेश शुक्ला ने आभार माना।
गंज : दशहरा मैदान गंज में रावण सहित मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। मैदान में जोरदार आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। गंज के प्रमुख मार्गों से होेते हुए राम बारात कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। जहां पर भगवान राम की सेना ने रावण के पुतले का दहन किया।
मंडी : गल्ला मंडी स्थित वर्कशाप मैदान पर भी रावण के पुतले का दहन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विभिन्न मार्गों से होती हुई आई राम बारात का लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। मंडी दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष बंटी अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए लोगों द्वारा किए गए सहयोग के प्रति आभार ज्ञापित किया।

0 comments: