यदि आपके पास कोई समाचार या फोटो है तथा आप भी किसी समस्या को शासन स्तर पर पंहुचाना चाहते हैं और किसी विषय पर लिखने के इच्छुक है,तो आपका स्वागत है ईमेल करे- writing.daswani@gmail.com, Mob No.-+919425070052

Tuesday, October 12, 2010

दीपावली पर बल्ले-बल्ले

 पहली तारीखों में दीपावली आने के कारण व्यापारियों को दिखाई दे रही उम्मीद की किरण 
सीहोर, इस साल दीपावली पर व्यापारियों की बल्ले-बल्ले होने जा रही है। पहली तारीखों में दीपावली होने के कारण व्यापारियों को कारोबार अच्छे चलने की उम्मीद की जा रही है। पहली तारीखों को देखकर भी दुकानदारों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही है। इस साल महापर्व दीपावली 5 नवम्बर को मनाया जाएगा। जिससे दुकानदारों की बल्ले-बल्ले होने की संभावना बन गई है। लोगों में अतिरिक्त उत्साह का वातावरण भी देखने को मिल रहा है। आम तौर पर त्योहार का आनंद लोगों की जेब पर ही निर्भर रहा करता है जेब भारी होने की स्थिति में ही बाजार में ग्राहकी का वातावरण बना रहता है। कोई भी त्योहार यदि माह के आखिरी दिनों में आता है तो बाजार पर उसका असर पूरी तरह से दिखाई देता है और यदि त्योहार पहली तारीखों में पड़ता है तो उससे बाजार का आनंद दो गुना हो जाता है। कर्मचारी वर्ग के पास भरपूर पैसा होने के कारण ही त्योहार का प्रभाव दिखाई देता है और इनके पास रुपए का अभाव पूरा मजा किरकिरा करने मेें कोई कोर कसर बाकी नहीं रखता है। इस साल दीपावली महापर्व 5 नवम्बर को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाए जाने की तैयारियां लोगों द्वारा अभी से शुरू कर दी गई है। दुकानदारों के अलावा गृहणियों द्वारा भी साफ-सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस बार सब में उत्साह का वातावरण देखा जा रहा है उसके पीछे का मुख्य कारण दीपावली का पहली तारीखों में आना माना जा रहा है।दुकानदारों का कहना है कि पहली तारीखों में दीपावली आने के कारण कारोबार काफी अच्छा चलेगा और नवम्बर माह में आने वाली दीपावली अक्टूबर माह में आने वाली दीपावली की तुलना में हमेशा कारोबार अच्छा चलता है। इसको देखकर ही व्यापारियों द्वारा इस साल दीपावली पर स्टॉक को बढ़ाया जाकर नई-नई वैराइटी का माल मंगवाया जा रहा है। इसकी तैयारियां उनके द्वारा अभी से करना भी शुरू कर दी है। कर्मचारी वर्ग का कहना है कि इस साल दीपावली मनाने का आनंद भी दोगुना होगा। हालांकि दीपावली का त्योहार ऐसा त्योहार है जिसे धूमधाम से मनाना ही पड़ता है माह की आखिरी दिनों में दीपावली आने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा करता है। दुकानदार भी उधार देना पसंद नहीं करते है जिससे कई बार मन मसोस कर ही रह जाना पड़ जाता है। खास तौर से बच्चों की इच्छा पूर्ति करने में भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है पर इस साल ऐसा कुछ नहीं होगा। वेतन समय पर मिलने के कारण त्योहार का आनंद भी दोगुना हो जाएगा, जी भरकर खरीदी करने का आनंद आएगा। कुल मिलाकर इस साल दीपावली पहली तारीखों में पड़ने के कारण दुकानदारों की बल्ले-बल्ले होने की संभावना बनती नजर आ रही है जिससे वो भी प्रसन्नचित हैं।
दो साल बाद दिखेगी रौनक

लगातार दो साल से दीपावली का कारोबार उम्मीद से कम जाने के कारण व्यापारियों में निराशा का माहौल देखा गया था। इसके पीछे को कारण भी यह रहा था कि दीपावली अक्टूबर माह में बीच में और आखिरी दिनों में पड़ी थी। वर्ष 2008 में दीपावली 28 अक्टूबर मंगलवार के दिन मनाई गई थी जिसके कारण बाजार में उतनी रौनक नहीं थी। लगभग इससे मिलती जुलती हालात वर्ष 2009 में पड़ी 17 अक्टूबर शनिवार की दीवाली का था यहां तो बीच की स्थिति बनने के कारण हालात और भी खराब रही थी यहां तक ही दीपावली के दिन भी मुख्य बाजार में यातायात को सुगम करने के लिए पुलिस को कुछ मशक्कत नहीं करनी पड़ी थी। जबकि 2007 में दीपावली 9 नवम्बर शुक्रवार को थी उस समय कारोबार जमकर चला था, इस साल 5 नवम्बर शुक्रवार को ही दीपावली आ रही है जिससे सभी को उम्मीदें है कि बाजार में 2007 जैसी ही रौनक देखने को मिलेगी।

0 comments: