सीहोर. जिलेभर में पुलिस और प्रशासन द्वारा की जाने वाली सख्ती का आलम लगातार बरकरार बना हुआ है। प्रशासन की सख्ती का अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके द्वारा न तो बैठक और न ही मेले की इजाजत प्रदान की जा रही है। अयोध्या के मामले को लेकर बरती जा रही सख्ती का आलम रविवार तक बदस्तूर जारी बना हुआ है। हालांकि फैसला आने के बाद जन-जीवन सामान्य हो गया है और लोग अपने कार्यों को अंजाम देने में जुट गए हैं। बाजार में सामान्य दिनों की भांति चहल-पहल होने लगी है। यही नहीं बसों और ट्रेनों में लोगों की भीड़ वापस बढ़ने लगी है। शहर के विभिन्न चौराहों और तिराहों पर पुलिस की गश्त लगातार जारी बनी हुई है। संवेदनशील चौराहों पर विशेष रूप से ऐतिहयात बरता जा रहा है। ताकि कोई भी असमाजिक तत्व अपने कार्यों से शहर की शांति भंग न कर सके। जानकारी के अनुसार जिला और पुलिस प्रशासन अभी किसी भी प्रकार की छूट देने के लिए तैयार नहीं है। रविवार को अग्रसेन जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में शहर के बड़ा बाजार में आनंद मेले का आयोजन अग्रवाल समाज द्वारा किया गया था। हर साल यह मेला आयोजित किया जाता है। जिसमें अग्रवाल समाज के लोग ही बड़ी संख्या में शामिल होते हैं। बताया जाता है कि प्रशासन ने इस मेले को लगाने की इजाजत नहीं दी है। जिससे समाज द्वारा यह आयोजन स्थगित कर दिया गया। अन्य कार्यक्रम समाज की धर्मशाला में चल रहे हैं। इसी प्रकार इंग्लिशपुरा में दशहरा उत्सव समिति की बैठक आयोजित करने की भी इजाजत जिला प्रशासन द्वारा नहीं दी गई। फलस्वरूप बैठक स्थगित कर दी गई।
0 comments:
Post a Comment